अमृतसर के हालगेट इलाके में शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गोदाम मोहल्ला के पास स्थित वर्षों पुरानी चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। तेज आवाज के साथ इमारत गिरते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत इतनी पुरानी थी कि पहले से ही जर्जर हालत में थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह अचानक गिर जाएगी। हादसे के दौरान गली में खड़ी दो मोटरसाइकिलें मलबे में दब गईं। इसके अलावा पास में स्थित भगवान वाल्मीकि जी के मंदिर की बालकनी भी क्षतिग्रस्त हो गई। मुख्य रास्ता बंद, लोगों को हुई भारी परेशानी यह गली मोहल्ले के लोगों के लिए दूसरी साइड जाने का मुख्य रास्ता थी। इमारत गिरने के बाद रास्ता पूरी तरह बंद हो गया, जिससे लोगों को दूसरी गलियों से घूमकर जाना पड़ा। कई लोग अपने वाहन दूर खड़े कर पैदल ही रात में घर पहुंचने को मजबूर हुए। स्थानीय निवासी अनिल ने बताया कि यह बिल्डिंग कई दशकों पुरानी थी और इसकी हालत लगातार खराब होती जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया। कोई जनहानि नहीं, देर रात तक चला मलबा हटाने का काम गनीमत रही कि हादसे के समय इमारत के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि मलबा गली में फैल जाने के कारण देर रात तक परेशानी बनी रही। प्रशासन की मदद से मलबा हटाने का काम चलता रहा। फिलहाल इलाके को सुरक्षित कर दिया गया है और प्रशासन द्वारा आसपास की पुरानी इमारतों की जांच की बात कही जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।


