भास्कर न्यूज | राजनांदगांव अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 103 स्टेशनों का लोकार्पण 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करेंगे। इनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के 5 स्टेशन शामिल हैं। सिवनी, डोंगरगढ़, इतवारी, चांदा फोर्ट और आमगांव स्टेशन का भी इसी दिन शुभारंभ होगा। डोंगरगढ़ स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल रूप दिया गया है। परिसर में विशेष टिकट काउंटर, सुविधायुक्त प्रतीक्षालय और दिव्यांग जनों के लिए समर्पित व्यवस्था की गई है। स्टेशन की डिजाइन में स्थानीय कला और संस्कृति को शामिल किया गया है। पहले पार्किंग अव्यवस्था से जूझ रहे इस स्टेशन पर अब बेहतर प्रवेश-निकास द्वार, चौड़ी सड़कें, दोपहिया पार्किंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की गई है। स्टेशन परिसर को हरियाली और सौंदर्यीकरण से सजाया गया है। इसे स्थानीय संस्कृति और विरासत का आकर्षक केंद्र बनाया गया है। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसका लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा। भारतीय रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्री सुविधा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।


