अमेरिका डिपार्ट मुद्दे पर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन:कलेक्ट्रेट के बाहर पुलिस ने लाठीचार्ज कर धकेला, कई युवा नेता घायल

अमेरिका से डिपार्ट करते हुए भारतीय नागरिकों के पैरों और हाथों में जंजीर बांधने के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस ने बीकानेर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट में घुसने का प्रयास कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। कुछ कार्यकर्ताओं के चोट भी आई, जिन्हें पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले गए। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेता शुक्रवार दोपहर जैसे ही कलेक्ट्रेट के पास पहुंचे। पुलिस ने बेरिकेड्स से रास्ता बंद कर दिया। कार्यकर्ता भी पूरे जोश में थे और बेरिकेड्स को धक्का देकर आगे निकलने लगे। पुलिस और आरएएसी के जवानों को ये एहसास ही नहीं था कि कार्यकर्ता इतनी तेज गति से अंदर घुसने का प्रयास करेंगे। जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बेरिकेड्स को धक्का दिया। तब एक-दो जवान बेरिकेड्स के नीचे आ गए। पुलिस और आरएसी के जवान संभले और कार्यकर्ताओं को पीछे धकेलने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए बार-बार अंदर जाने का प्रयास किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के हाथ और सिर में चोट आई। देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने आरोप लगाया कि पुलिस ने निर्ममता के साथ यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया। घायल हो चुके कार्यकर्ताओं पर भी लाठीचार्ज का सिलसिला जारी रखा। जिससे कुछ लोगों को गंभीर चोट आई है। सियाग ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रदेश और देश के यूथ का अपमान कर रही है। अमेरिका में भारतीय युवाओं को जिस तरह बेइज्जत करके निकाला गया, उससे साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के दबाव में है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *