जयपुर में आपसी कहासुनी में एक युवक को चाकू से गोदकर हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। शादी प्रोग्राम में शामिल होकर घर लौटते समय रॉन्ग साइड में स्कूटी लेकर आए हमलावर से कहासुनी हो गई थी। बिंदायका थाना पुलिस ने घायल युवक का हॉस्पिटल में इलाज करवाया। पुलिस ने आरोपी हमलावर को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त कर ली है। डीसीपी (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया- सिरसी स्थित मीणों का मोहल्ला निवासी महेन्द्र मीणा ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया था। 5 फरवरी को वह अपने भतीजे रोहित मीणा के साथ एक शादी में शामिल होने गया था। रात करीब 8:15 बजे शादी प्रोग्राम में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान भांकरोटा रोड पर प्रभात मार्केट की तरफ जाते समय स्कूटी सवार को रॉन्ग साइड में आने पर टोका। इस बात पर लेकर स्कूटी सवार से कहासुनी हो गई। स्कूटी सवार हमलावर ने भतीजे रोहित को रोककर गले पर चाकू से वार कर दिया। गर्दन घुमाकर रोहित ने अपना बचाव किया। हमलावर ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर कंधे पर कई वार कर डाले। लहूलुहान हालत में रोहित को देखकर हमलावर वहां से भाग निकला। सूचना मिलने के बाद बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहित को हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। हमलावर की स्कूटी नंबर के आधार पर बिंदायका थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को गुरुवार देर रात पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में यूज स्कूटी को बरामद कर लिया है।


