नवांशहर शहीद भगत सिंह नगर जिले में एक परिवार के लिए विदेश में बेहतर भविष्य बनाने का सपना टूट गया है। बलाचौर तहसील के गांव सिंबल मजारा के रहने वाले मनप्रीत सिंह को अमेरिकी सरकार ने डिपोर्ट कर दिया है। मनप्रीत अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए करीब तीन महीने पहले नाव के जरिए अमेरिका पहुंचे थे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त नीतियों के तहत देश में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत 104 भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट किया गया है। इन सभी को अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। मनप्रीत के परिवार में खेतीबाड़ी का काम होता है। उन्हें उनके चाचा अवतार सिंह ने गोद लिया था। अमेरिका जाने के लिए परिवार ने लाखों रुपए खर्च किए और मनप्रीत ने भी अपनी जान जोखिम में डाली। लेकिन ट्रंप सरकार के कठोर फैसले ने उनके सपनों को चकनाचूर कर दिया। मनप्रीत के डिपोर्ट होने की खबर जैसे ही गांव में फैली, परिवार गहरे सदमे में चला गया। रिश्तेदारों ने उनके माता-पिता से संपर्क करना शुरू कर दिया। परिवार इस मामले में मीडिया से भी खुलकर बात करने से कतरा रहा है। यह घटना अवैध तरीके से विदेश जाने के जोखिम को भी उजागर करती है।


