चूरू में शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि अमेरिका से भारतीय नागरिकों को जिस अपमानजनक तरीके से वापस भेजा गया, उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार की चुप्पी चिंताजनक है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्राज खीचड़ ने कहा कि भारतीय नागरिकों को हथकड़ी और पैरों में जंजीर पहनाकर वापस भेजा गया, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कोलंबिया जैसा छोटा देश अमेरिका को चुनौती दे सकता है, तो भारत क्यों नहीं। खीचड़ ने बताया कि अभी तक 104 लोगों को निकाला गया है, जबकि अमेरिका में साढ़े सात लाख भारतीय रहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि वह स्पष्ट करे कि क्या अन्य भारतीय नागरिकों के साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया जा रहा है। उनका कहना है कि भारतीयों की इस तरह की वापसी सरकार की कूटनीतिक विफलता को दर्शाती है। विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष असलम खोखर, किशोर दांदू, रामजीलाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।


