सुल्तानपुर में हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के अकोढी के पास बीती रात बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। गोसाईंगंज के अकोढ़ी ओवरब्रिज के पास की घटना
जानकारी के मुताबिक, अंबेडकर नगर जनपद अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर निवासी जितेंद्र यादव (28) पुत्र राम जन्म यादव शनिवार को गोसाईगंज थानाक्षेत्र के अकोढ़ी मधई का पुरवा में अपने मौसी के यहां आया हुआ था। वह फुलौने बाजार से मौसी के यहां बाइक से लौट रहा था। अभी वह हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर अकोढ़ी ओवरब्रिज के पास पहुंचा था कि सामने से अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। रिश्तेदारों ने पहुंचाया सीएचसी डॉक्टर ने घोषित किया मृत
टक्कर इतनी तेज थी कि जितेंद्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंचे रिश्तेदार उसको आनन फानन में लेकर कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र अपने पीछे पत्नी ज्योति और चार वर्ष के पुत्र जियांश को छोड़ गया है। गोसाईंगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजा है। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


