अयोध्या के इब्राहिमपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला, सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस से अनुसार इब्राहिमपुर पूरे पाण्डेय गांव निवासी बाबादीन धोबी की 20 वर्षीय बेटी प्रिया का घर के अंदर कुंडे के सहारे शव लटकता मिला। घटना के समय परिवार के सदस्य खेत गए थे। वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई। पूरे मामले की जानकारी परिजनों ने स्थानीय पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन अभी तक कारण का पता नहीं लग सका है, और ना ही कोई तहरीर अभी मिली है। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बालादीन के 6 बेटियां और एक बेटा है, पांच बेटियों और बेटे की शादी हो गई है छोटी बेटी प्रिया बीए में पढ़ रही थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


