भास्कर न्यूज| रायगड़ा राज्य पर्यटन विभाग के सहयोग से संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के अंतर्गत शनिवार को रायगड़ा रेलवे स्टेशन से 6 जिलों के 775 वरिष्ठ नागरिक विशेष ट्रेन से अयोध्या और वाराणसी तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर विधायक अपल स्वामी काड्राका व जिलाधिकारी आशुतोष कुलकर्णी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस तीर्थयात्रा में दक्षिण-पश्चिम अंचल के कोरापुट, रायगड़ा, नबरंगपुर, मलकानगिरी, कालाहांडी व नुआपड़ा जिलों के कुल 775 तीर्थयात्री और 25 एस्कॉर्ट अधिकारी सम्मिलित हैं। सभी यात्रियों ने रायगड़ा रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन द्वारा अयोध्या व वाराणसी की ओर प्रस्थान किया। शुभारंभ अवसर पर विधायक अपल स्वामी काड्राका ने वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आर्थिक व पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अनेक वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा से वंचित रह जाते हैं। इस कठिनाई को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने यह जनकल्याणकारी योजना प्रारंभ की है, जिससे वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त हो सके। इस यात्रा में राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की समस्त सुविधाएं वहन कर रही हैं। यात्रियों के आवास, आवागमन आैर भोजन-पानी की व्यवस्था के साथ सुरक्षा कर्मी, मार्गदर्शक, यात्री बीमा व चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह योजना के चतुर्थ चरण की यात्रा है, जिसमें रायगड़ा से अयोध्या व वाराणसी भ्रमण सुनिश्चित किया गया है। इस चरण में रायगड़ा जिले से 118, कोरापुट से 168, नबरंगपुर से 148, मलकानगिरी से 75, नुआपड़ा से 74 और कालाहांडी से 192 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। यात्रा से पूर्व सभी छह जिलों के तीर्थयात्रियों के लिए रायगड़ा में ठहरने की व्यवस्था की गई थी और सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या का आयोजन भी हुआ। आज रेलवे स्टेशन परिसर में फूल-मालाओं से यात्रियों का स्वागत किया गया तथा एक संक्षिप्त सभा का आयोजन किया गया। यह वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना राज्य सरकार की एक सराहनीय पहल है, जो वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुविधा एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर जिलाधिकारी आशुतोष कुलकर्णी की अतिरिक्त सचिव रुद्र नारायण दास, डीआरएम अमिताभ सिंहल, ईस्ट कोस्ट आईआरसीटीसी के एजीएम क्रांति सबरकर, एडीएम (जनरल) नवीन चंद्र नायक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।


