अरठवाड़ा मंदिर का दानपात्र तोड़ा, हजारों की नकदी चोरी:पालड़ी एम थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार जारी

शिवगंज तहसील के पालड़ी एम थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार जारी हैं। बीती रात चोरों ने अरठवाड़ा गांव स्थित प्रेमी माता मंदिर को निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर का दानपात्र तोड़कर हजारों की नकदी चुरा ली, हालांकि पुजारी की बाइक की आवाज सुनकर वे भाग गए। मंदिर के पुजारी ने बताया कि चोरों ने बाहर रखा दानपात्र तोड़ा और उसमें से पैसे निकाले। इसी दौरान जब वे अपनी बाइक लेकर मंदिर के पास पहुंचे तो चोर दीवार कूदकर फरार हो गए। जांच करने पर पता चला कि दानपात्र से करीब 7,000 रुपए से अधिक की नकदी चोरी हुई है। चोरों ने मंदिर परिसर में लगी पानी की मोटर भी खोलकर अलग रख दी थी, जिसे वे ले जाने की फिराक में थे, लेकिन पुजारी की आवाज सुनकर छोड़ भागे। पुजारी और ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीनों में इस मंदिर में चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी चांदी का मुकुट, छत्तर और अन्य सामान चोरी हो चुका है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले चार महीनों में क्षेत्र में 60 से अधिक चोरी की वारदातें हुई हैं, लेकिन आज तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। इसी क्रम में पालड़ी एम गांव में कुमावत समाज सवरा के पास रहने वाले महेंद्र पुत्र वक्ता राम कुम्हार और बाबूलाल पुत्र कपूरा राम कुम्हार की दो बाइकें भी चोर चुरा ले गए। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। उथमण गांव में भी चोरों ने राणा राम पुत्र भगाराम देवासी के मकान के बाहर खड़ी बाइक चुराने का प्रयास किया। हालांकि, लोगों के जाग जाने पर चोर वहां से भागने में सफल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *