अरौदा हंतरा ने जीती नटवर प्रीमियर लीग की ट्रॉफी:पार की टीम को 67 रनों से हराया, विजेता और उपविजेता टीम को किया सम्मानित

नदबई में नटवर प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। जिसमें अरौदा हंतरा की टीम ने पार की टीम को हराकर चैम्पियनशिप अपने नाम कर ली। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नगर पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले में गांव अरौदा हंतरा ने 174 रन बनाए। वहीं, पार गांव की टीम ने 107 बनाए। जिससे गांव अरौदा हंतरा ने 67 रन से शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम की इस जीत के बाद मैदान में खुशी की लहर दौड़ गई। टीम के खिलाड़ियों ने डीजे पर नाचते हुए अपनी खुशी जाहिर की। इस मौके पर आतिशबाजी भी की गई। जिससे पूरे मैदान का माहौल रोमांचक हो गया। इससे पहले, एक खास मुकाबला नदबई प्रशासन और उच्चैन प्रशासन की टीमों के बीच हुआ। इस मैच में उच्चैन प्रशासन ने 69 रन बनाए। वहीं नदबई प्रशासन की टीम ने 67 रन बनाए, जहां उच्चैन प्रशासन ने जीत हासिल की। नटवर प्रीमियर लीग (NPL) में विजेता टीम को 1 लाख 1 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया। साथ ही उप विजेता टीम को 51 हजार रुपए पुरस्कार के रूप में दिए गए। नदबई के स्थानीय स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन नदबई विधायक जगत सिंह ने अपने पिता स्वर्गीय नटवर सिंह की स्मृति में किया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन फाइनल में गांव अरौदा हंतरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट में दीपराज सिंह, सौमाया सिंह, हिम्मत सिंह, हनुत सिंह, हरवती सिनसिनवार, भूपेंद्र सिंह, प्रताप महरावर, अरब सिंह आदि मौजूद थे। फाइनल मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विधायक जगत सिंह ने अपनी ओर से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आयोजकों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये टूर्नामेंट पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय नटवर सिंह की स्मृति को समर्पित है। जिन्होंने हमेशा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया। आने वाले समय में इस लीग को और भव्य बनाया जाएगा। विधायक जगत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से युवाओं को खेलों में अपनी क्षमता दिखाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अवसर मिलता है। ये प्रतियोगिता नदबई क्षेत्र के खेल प्रतिभाओं को मंच देने का एक बेहतरीन प्रयास साबित हुई। दर्शकों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *