नर्मदापुरम कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान नगर तहसीलदार सरिता मालवीय भड़क गईं। उन्होंने शिकायत लेकर आए परिवार को जेल भेजने की धमकी दे डाली। तहसीलदार का यह रूप देखकर परिवार सहम गया। पैर छूते हुए न्याय की भीख मांगने लगा। दरअसल, सिवनी मालवा तहसील के दो सगे भाई अपनी मां के साथ अर्धनग्न हालत में कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। वे हाथों में कफन, माला और झांझ लेकर ‘राम नाम सत्य है’ के नारे लगा रहे थे। उन्हें इस हालत में देखकर तहसीलदार मालवीय गुस्सा हो गईं। उन्होंने ऊंची आवाज में कहा- अब यहां बजाना मत। शांति से बात करो आप लोग। यह कलेक्ट्रेट है, यहां कानून का पालन सभी को करना पड़ेगा। अगर कानून व्यवस्था भंग की गई, तो सभी को अंदर करवा दिया जाएगा। शांति से बात कीजिए, हम आपकी बात सुनेंगे। उन्होंने सख्त लहजे में कहा- नाटक मत करो। अभी पुलिस बुलाकर सबको अंदर करवा दूंगी। शिकायतकर्ता बोले- हमें न्याय चाहिए
इस पर शिकायतकर्ता राजकुमार सराठे और उसकी मां भावुक हो गए। दोनों तहसीलदार के पैरों में गिरते हुए बोले- हम आपके पांव पड़ते हैं। हमें न्याय चाहिए। देखिए, तीन तस्वीरें… मां बोलीं- कहीं सुनवाई नहीं हो रही
तहसीलदार मालवीय की फटकार पर शिकायतकर्ता राजकुमार सराठे ने कहा- हम जीरावेह गांव में रहते हैं। हमारे खेत से लगी सरकारी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान बना दिए गए हैं। इससे रास्ता और पानी की निकासी पूरी तरह बंद हो गई है। कई बार शिकायत कर चुके, लेकिन समाधान नहीं हुआ। मामला अपर कलेक्टर कोर्ट में भी चल रहा है। वहीं, उसकी मां ने रोते हुए कहा- हम बहुत परेशान हैं। कहीं सुनवाई नहीं हो रही, इसलिए मजबूरी में ऐसे आना पड़ा। इसके बाद अधिकारियों का गुस्सा शांत हुआ। एसडीएम जय सोलंकी और तहसीलदार सरिता मालवीय ने युवकों को कपड़े पहनने के लिए कहा। CEO ने जांच के लिए टीम भेजने के निर्देश दिए
पीड़ितों को कपड़े पहनाकर जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन से मिलवाया गया। जैन ने उनकी समस्या सुनने के बाद जिला स्तर से एक टीम बनाने और तहसीलदार को सिवनी मालवा भेजने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार बोली- समझाने के लिए डांटा था
वहीं, तहसीलदार सरिता मालवीय ने कहा- वे लोग कलेक्ट्रेट परिसर में अर्धनग्न हालत में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रशासन को उल्टा-सीधा बोल रहे थे। परिस्थिति को देखते हुए समझाने के लिए उन्हें डांटा था। ये खबर भी पढ़ें… एकलव्य स्कूल की प्रिंसिपल के कमेंट से भड़के 300 छात्र हरदा जिले के रहटगांव स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय स्कूल में शनिवार तड़के उस वक्त बड़ा हंगामा हो गया, जब खराब भोजन और अव्यवस्थाओं से नाराज करीब 300 छात्र-छात्राएं हॉस्टल की दीवार फांदकर पैदल ही कलेक्टर से शिकायत करने निकल पड़े। छात्रों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता खराब है और शिकायत करने पर उन्हें धमकाया जाता है। पढ़ें पूरी खबर…


