सदर थाना क्षेत्र इलाके में हुए दो अलग-अलग हादसों में गंभीर चोटें लगने की वजह से बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इस संबंध में सदर पुलिस थाना में अलग-अलग मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। पुलिस के अनुसार दलीप कुमार (32) पुत्र जगदीश मेघवाल निवासी गांव धोलीपाल ने बताया कि भूपराम पुत्र मुंशीराम मेघवाल निवासी वार्ड तीन, गांव धोलीपाल अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहा था। धोलीपाल में कश्मीरी वर्कशॉप के पास पहुंचा तो अचानक सड़क पर आए निराश्रित पशु से बाइक टकरा गई। बाइक सहित सड़क पर गिरे भूपराम के गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। जांच हेड कॉन्स्टेबल विजयसिंह कर रहे हैं। वहीं, सुभाष चन्द्र (28) पुत्र मनीराम जाट निवासी भाम्भूवाली ढाणी, डबलीबास पेमा ने रिपोर्ट के जरिए बताया कि अशोक कुमार (34) पुत्र मोहनलाल जाट निवासी भाम्भूवाली ढाणी, डबलीबास पेमा बाइक पर जा रहा था। भाम्भूवाली ढाणी के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। नीचे गिरने से अशोक कुमार के सिर, पेट व छाती में गंभीर चोट लगी। इससे उसकी मौत हो गई। जांच हेड कॉन्स्टेबल राजेन्द्र कर रहे हैं।


