अलवर जिले की सड़कों के विकास पर दिल्ली में जिले के नेताओं की केंद्रिय मंत्री नितिन गडकरी के साथ बैठक हुई। बैठक में सड़कें चौड़ी करने, नए मार्ग बनाने और पुराने कामों को तेजी से पूरा करने पर चर्चा हुई। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, सरिस्का एलिवेटेड रोड और पनियाला-बड़ौदा मेव एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्टों की जानकारी दी गई। जिले में कुछ सड़क परियोजनाओं का काम धीमा है। इस पर तुरंत तेजी लाने के निर्देश दिए गए। रामगढ़ क्षेत्र में बगड़ तिराहा से नौगांवा तक सड़क को चार लेन बनाने और रेलवे ओवरब्रिज बनाने की बात हुई। भिवाड़ी की बरसात और गंदे पानी से जुड़ी समस्या पर भी चर्चा हुई। यहां सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम चल रहा है। केंद्रिय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी से नीमराना और केएमपी एक्सप्रेस-वे तक नई सड़क बनाई जाए, ताकि जाम की परेशानी कम हो और उद्योगों को फायदा मिले।
रैणी से बालाजी और बांदीकुई से हिंगोटा तक सड़क बनाने पर सहमति
रामगढ़-गोविंदगढ़ मार्ग पर इंटरचेंज बनाने का प्रस्ताव आया। राजगढ़ और लक्ष्मणगढ़ में बाईपास और चौड़ीकरण जैसे काम जल्द शुरू करने की बात हुई। रैणी से बालाजी और बांदीकुई से हिंगोटा तक सड़क बनाने पर सहमति बनी। भिवाड़ी से सिकंदरा तक के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की बात रखी गई। बहरोड़ क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच 48 को दिसंबर तक सुधारने का वादा किया गया। यहां अंडरपास और ब्रिज बनाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में पनियाला-बड़ौदा मेव एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड बनाने की योजना बनी। तय हुआ कि इन योजनाओं से अलवर क्षेत्र की सड़कें बेहतर होंगी और लोगों की आवाजाही आसान होगी। इस दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, तिजारा विधायक महंत बालकनाथ,रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह व जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता समेत कई नेता मौजूद रहे।


