अलवर जिले में दूसरे दिन भी घने बादल छाए:मौसम विभाग ने 3 डिग्री तापमान में गिरावट की चेतावनी दी,फसलों पर रौनक

अलवर जिले में लगातार दूसरे दिन भी बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार को दोपहर में कुछ घंटों के लिए सूरज निकला था, लेकिन फिर वह बादलों के पीछे छिप गया। शनिवार सुबह भी जिले भर में घने बादल छाए रहने से सूरज नहीं निकल पाया। हल्की-हल्की शीतलहर चलने से ठिठुरन बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। बीते दो दिनों से जिले में बादल छाए हुए हैं, जबकि इससे पहले लगातार चार दिनों तक अलवर जिले में घना कोहरा छाया रहा था। मौसम विभाग ने शनिवार को भी कोहरे की चेतावनी जारी की थी, हालांकि बादलों की वजह से शहर में कोहरा नहीं छाया, लेकिन ग्रामीण इलाकों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखा गया। इस मौसम का फसलों पर सकारात्मक असर पड़ा है और खेतों में हरियाली बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार जिले में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे ठंड का असर और तेज हो सकता है। शुक्रवार शाम को भी तेज शीतलहर चलने से सर्दी का असर काफी बढ़ गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *