अलवर के नयाबास स्थित महात्मा गांधी स्कूल की बाउंड्री पर आर्मी द्वारा की जा रही तारबंदी को लेकर को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने इस तारबंदी का विरोध करते हुए काम को तत्काल रुकवाया। विरोध की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की जानकारी ली। स्कूल के शिक्षक दिलावर ने मीडिया को बताया- जिस स्थान पर तारबंदी की जा रही है, वह केवल आर्मी के सेवा विभाग की बाउंड्री तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूल की निर्धारित सीमा से अधिक क्षेत्र में तार लगाई जा रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने आपत्ति जताई। स्थानीय लोगों को भी अवगत कराया। इसके बाद बड़ी संख्या में आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंचे और तारबंदी का विरोध किया। स्कूल की गतिविधियों पर असर पड़ सकता शिक्षक दिलावर ने कहा- स्कूल परिसर बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील क्षेत्र है। बिना पूर्व सूचना और आपसी सहमति के इस तरह की तारबंदी से छात्रों की आवाजाही और स्कूल की गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत काम रुकवाने की मांग की। तारबंदी के काम को रोका मौके पर पहुंचे सेवा अधिकारियों ने स्थिति को समझा और फिलहाल तारबंदी का कार्य रोक दिया गया है। साथ ही शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है, ताकि दस्तावेजों और सीमाओं की जांच कर उचित निर्णय लिया जा सके।


