अलवर में खेत में नील गाय के घुसने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और लाठियां चलाई। एक पक्ष की ओर से फायरिंग भी की गई। फायरिंग में 10 लोगों के छर्रे लगे। एक ही हालत गंभीर बनी हुई है। विवाद गोविंदगढ़ इलाके के फाहरी गांव में रविवार शाम 4:30 बजे हुआ। हेड कॉन्स्टेबल तेजराम ने बताया- घटना के बारे में गांव से शाम 5:15 बजे सूचना मिली थी। पुलिस ने फाहरी गांव के कुछ लोगों से जानकारी जुटाई है। विवाद साहबदीन और जुबेर पक्ष के बीच हुआ। मामले की जांच जारी है। तीन फोटोज में देखिए विवाद… ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिनों से गांव के ही साबहदीन और जुबेर में विवाद चल रहा था। जुबेर पक्ष का कहना है कि साहबदीन ने अपने खेत से नील गायों को उनके खेतों में भगा दिया। गुस्से में रविवार सुबह 8 बजे साहबदीन से खेत में जाते समय जुबेर, जाहुल, तारीफ और फकरु ने मारपीट की। साबहदीन ने बताया- मैं सुबह 8 बजे घर से खेत की ओर जा रहा था। मुझे मस्जिद के पास जुबेर और उसके सभी भाइयों ने पकड़ लिया। फिर शाम को इसी बात पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमने बचाव करने की कोशिश की, तो जाहूल, फकरु, इरशाद ने फायरिंग कर दी। हमले मेंकई लोगों के छर्रे लग गए। हमले में साहबदीन, उस्मानी, फिरोज, सैफुल्ला, मुनासिफ, साहिर, अख्तरी, परमिना और फरजान को छर्रे लगे हैं। सभी घायलों को पहले गोविंदगढ़ अस्पताल ले जाया गया, फिर अलवर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद तनाव का माहौल है।


