अलवर में सरे बाजार फायरिंग कर भागे बदमाश:युवती और उसकी मामी से बैग छीन रहे थे, बचाने दौड़े राहगीरों पर गोली चलाई

अपनी मामी के साथ बाजार में शॉपिंग करने आई युवती से 3 युवकों ने बैग छीनने की कोशिश की। इस दौरान राहगीरों ने बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने फायर कर दिया और भाग निकले। हादसे में 1 राहगीर को छर्रे लगे हैं। इसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ ही मिनट बाद में पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामला अलवर के NEB थाना क्षेत्र में अग्रसेन सर्किल के पास सिटी हॉस्पिटल के सामने का रात 8 बजे का है। पुलिस CCTV खंगाल रही NEB थाना एसएचओ दिनेश चंद ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों से मामले की जानकारी ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। ताकि बदमाशों को पकड़ा जा सके। मामी के साथ बाजार आई थी युवती अलवर के दया नगर निवासी युवती दीपांशी छाबड़ा ने बताया कि वह अपनी मामी के साथ बाजार आई थी। इस दौरान शॉपिंग कर बाजार से वापस लौट रहे थे। तब सिटी हॉस्पिटल के पास उनका बैग गिर गया था। जैसे ही बैग उठाने के लिए मामी आई तो बाइक पर आए 3 लड़कों ने पिस्तौल दिखाकर बैग लूटने की कोशिश की। तभी आसपास मौजूद 2 युवक हमें बचाने दौड़े। यह देखकर युवक फायरिंग कर भाग गए। इसके बाद काफी लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई थी। पीछे दौड़े तो फायर किया प्रत्यक्षदर्शी लल्लू खान और सकून मास्टर ने बताया कि तीन युवक बाइक पर आए थे। जिन्होंने महिलाओं को कट्टा दिखा बैग ले जाने की कोशिश की, वह छीनाझपटी कर रहे थे। हम उस ओर दौड़े लेकिन, युवक फायरिंग कर भाग निकले। इसी दौरान छर्रे मुझे भी लग गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *