अलवर से चोरी तेजाब से भरा टैंकर हरियाणा में पकड़ा:GPS लोकेशन से मिला सुराग, एनईबी थाना क्षेत्र से उठा ले गए बदमाश

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जीवन धारा हॉस्पिटल के पास से तेजाब से भरा एक टैंकर चोरी हो गया। टैंकर में करीब 6 लाख रुपए कीमत का तेजाब भरा हुआ था। ट्रक ड्राइवर चंचल सिंह ने बताया कि वह कंपनी से तेजाब भरवाकर टैंकर को अपने घर के पास खड़ा कर गया था। उसे सुबह करीब चार बजे टैंकर को लेकर बहरोड़ के पास केसवाणा स्थित एक कंपनी में पहुंचना था। लेकिन जब वह सुबह टैंकर के पास पहुंचा तो पता लगा कि वाहन चोरी हो चुका है। ड्राइवर ने तुरंत ट्रक मालिक को इसकी सूचना दी, जिसके बाद गुरुवार सुबह एनईबी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। GPS लोकेशन से मिला सुराग टैंकर में GPS लगा हुआ था, जिसकी लोकेशन हरियाणा के पुन्हाना क्षेत्र में मिली। इस आधार पर अलवर पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से वहां से टैंकर को बरामद कर लिया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है, हालांकि पुलिस ने अभी उसके नाम का खुलासा नहीं किया है। आधा तेजाब गायब जब टैंकर मालिक ने टैंक की जांच की तो पता लगा कि उसमें सिर्फ आधा तेजाब बचा है, जबकि करीब तीन लाख रुपये कीमत का तेजाब गायब है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है कि तेजाब कहां और किसे बेचा गया। पुलिस ने टैंकर को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *