अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर रविवार को एक तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दरोगा को टक्कर मार दी। लोडर की टक्कर से दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें आनन-फानन में जेवर (गौतमबुद्धनगर) के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दरोगा को मृत घोषित कर दिया गया। दरोगा की तैनाती टप्पल थाने में ही थी और वह मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे। दरोगा की मौत के बाद उनके परिवार को सूचना दी गई और शव को अलीगढ़ लेकर आया गया। वहीं दरोगा की मौत की जानकारी मिलने पर एसएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पांच दिन पहले हुआ था ट्रांसफर टप्पल थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर राहुल चौधरी (33) का पांच दिन पहले ही शहर के बन्नादेवी थाने में हुआ था। जल्दी ही वह बन्नादेवी में ज्वाइन करने वाले थे। रविवार दोपहर 1:30 को वह अपनी बुलट से खाना खाने के लिए निकले थे। वह होटल पर जाने के लिए यू-टर्न लेकर आ रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार लोडर (टाटा मैजिक) ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी और रौंदता हुआ निकल गया। आरोपी मौके से फरार हो गया और दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने क्षेत्रिय पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जेवर के अस्पताल में भर्ती कराया। पत्नी है गर्भवती, बीते साल हुई थी शादी मूल रूप से मुजफ्फरनगर के रहने वाले दरोगा राहुल चौधरी तीन बहनों के बाद सबसे छोटे भाई थे। वर्ष 2023 में उनकी नौकरी पुलिस विभाग में लगी थी। जिसके बाद नवंबर 2024 में ही शादी हुई थी। उनकी पत्नी रीनम एक डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं और वर्तमान में 8 माह की गर्भवती हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल के पिता की मौत कोरोना काल में हो गई थी और परिवार की सारी जिम्मेदारियां उनके ऊपर ही थी। घटना की जानकारी परिवार में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और उनके परिवार के लोग अलीगढ़ पहुंच गए। जिसके बाद शव को अलीगढ़ लाया गया। देर रात अलीगढ़ में कराया गया पोस्टमार्टम अस्पताल में इलाज के दौरान दरोगा की मौत हो गई। जिसके बाद उनके शव को अलीगढ़ लाया गया। यहां देर रात उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया और लगभग रात 12:30 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि दरोगा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में ही किया जाएगा। वह मुजफ्फरनगर के थाना भूरा कलां के गांव मुंडभर के रहने वाले थे। मामा की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा दरोगा को टक्कर मारने के बाद आरोपी लोडर चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने वाहन पकड़ लिया है। जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और सीसीटीवी के जरिए उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं मृतक दरोगा के मामा सत्यवीर की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ खैर वरुण कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में दरोगा गंभीर घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शासकीय सम्मान के बाद उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दरोगा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।


