मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर आज कुछ देर बाद काशी पहुंचेंगे। सीएम कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे तो जनता का मिजाज भांपेंगे। सबसे पहले सीएम चांदपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (ईरी) में आयोजित ‘डीएसआर कॉन्क्लेव’ के समापन समारोह को संबोधित करेंगे। डीएसआर कॉन्क्लेव में किसानों के साथ कृषि वैज्ञानिकों से संवाद करेंगे। प्रदेश में उन्नत जैविक खेती और अधिक पैदावार पर मंथन करेंगे और सरकार के स्तर पर प्रयासों पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही ईरी से कुछ प्रस्ताव भी लेंगे जो आने वाले समय में नई पौध की प्रगति बताएंगे। अन्नपूर्णा ऋषि कुल ब्रह्मचर्य आश्रम शिवपुर में जाएंगे। सोमवार को सुबह 9 बजे सीएम का हेलीकाप्टर पुलिस लाइन मैदान में उतरेगा। जहां सांसद, मंत्री , एमएलए और एमएलसी समेत जिले के कई जनप्रतिनिधि सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत करेंगे। सीएम पुलिस लाइन से फुलवरिया फोरलेन होकर सीधे चांदपुर स्थित ईरी संस्थान में पहुंचेंगे। अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट के शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम में आयोजित समारोह में भी शिरकत करेंगे। इसके बाद सीएम योगी दक्षिणी विधायक डा. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों का सम्मान भी बढ़ाएंगे। पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में स्वच्छता अभियान के तहत आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे और मंच पर स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित करेंगे। विधायक नीलकंठ ने कार्यकर्ताओं के साथ 75 दिवसीय वार्ड प्रवास किया था। सीएम कार्यक्रम स्थल से काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन भी करेंगे। इसके बाद सीएम सर्किट हाउस के सभागार में वाराणसी जिले और मंडल की समीक्षा करेंगे। जिले के प्रमुख मामलों पर जानकारी लेंगे तो विकास की रफ्तार को तेज करने पर चर्चा करेंगे। नमो घाट पर सांध्य आरती का लोकार्पण भी करेंगे। शहर के रोपवे निर्माण, ट्रायल और संचालन पर अलग से पूरी रिपोर्ट देखेंगे। इसकी वर्तमान तस्वीरें और हालात को पीपीटी पर देखेंगे। वहीं इंटरनेशनल स्टेडियम गंजारी, आशापुर ओवरब्रिज समेत कई प्रमुख प्रोजेक्ट भी जानेंगे, वे किसी स्थल का निरीक्षण भी कर सकते हैं। सीएम की बैठक में अनिल राजभर छितौना कांड की चर्चा करेंगे और उसमें पुलिस की कार्यशैली भी सीएम के सामने रखेंगे। वहीं काशी विश्वनाथ मंदिर में एसडीएम शंभू शरण की मनमानी की बात भी उठाएंगे। हालांकि इसको लेकर देर रात पुलिस अफसरों ने पूरा होमवर्क किया। सीएम योगी रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह गोरखपुर के लिए रवाना होंगे। राज्यपाल और सीएम विजिट में सुरक्षा पर मंथन पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने रविवार की रात कैंप कार्यालय पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर मंथन किया। पुलिस अफसरों के साथ सीएम की सुरक्षा पर चर्चा की। इस दौरान पूरे रूट पर डायवर्जन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने पर चर्चा हुई। अपर पुलिस आयुक्त (अपराध ) राजेश कुमार सिंह ने ईरी कलेक्ट्री फार्म लोहता, कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद सरोजा पैलेस चेतगंज तथा अन्नपूर्णा ऋषि कुल ब्रह्मचर्य आश्रम शिवपुर का निरीक्षण किया। सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया और सीपी को पूरी रिपोर्ट दी। बैठक में एडिशनल सीपी के अलावा सभी डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी शामिल रहे।


