अलीराजपुर पुलिस ने मौलाना आजाद मार्ग पर चायनीज मांझा बेचते एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मकर संक्रांति से पहले चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की। आरोपी संजय पिता रमेश राठौड़ को डमी ग्राहक भेजकर रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि मौलाना आजाद मार्ग पर एक विक्रेता चोरी-छिपे प्रतिबंधित चायनीज मांझे का विक्रय कर रहा है। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। एक बालक को छद्म ग्राहक (डमी कस्टमर) बनाकर दुकान पर भेजा गया। जैसे ही विक्रेता संजय राठौड़ ने अपने निवास से निकालकर प्रतिबंधित धागा बेचा, पहले से तैनात पुलिस बल ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित चायनीज मांझा बरामद किया गया। पुलिस ने तत्काल सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। आगामी मकर संक्रांति पर्व को देखते हुए अलीराजपुर पुलिस पूरे जिले में विशेष सतर्कता अभियान चला रही है। जिला दंडाधिकारी द्वारा मानवीय जीवन और पशु-पक्षियों के लिए घातक ‘चायनीज मांझे’ (नायलॉन डोर) के भंडारण, क्रय-विक्रय और उपयोग पर पहले ही निषेधाज्ञा लागू की जा चुकी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले, उपनिरीक्षक मुकेश कनासिया, सउनि रणजीतसिंह सोलंकी, सउनि लक्ष्मण देवड़ा और आरक्षक गंगाराम सोलंकी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


