अलीराजपुर में स्वामी विवेकानंद जयंती पर रविवार को स्थानीय खेल परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान और कलेक्टर डॉ. अभय अरविंद बेडेकर न स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से की। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद का शिकागो में दिया गया ऐतिहासिक भाषण रेडियो के माध्यम से सुना गया, जिसके बाद मध्यप्रदेश गान का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर स्वस्थ जीवन के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। सामूहिक सूर्य नमस्कार में सांसद अनिता चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर सिंह, संयुक्त कलेक्टर प्रियांशी भंवर सहित अन्य अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए। योग प्रशिक्षक कैलाश शर्मा, संगीता चौहान और आशा भावसार ने योग अभ्यास कराया। युवा दिवस के उपलक्ष्य में 12 से 14 जनवरी तक मकर संक्रांति पर्व मनाया जाएगा। इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री चौहान और कलेक्टर डॉ. बेडेकर ने पतंगबाजी की और पारंपरिक खेल गुल्ली-डंडा खेलकर कार्यक्रम को विशेष बनाया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अविनाश वाघेला ने किया और राष्ट्रगान के साथ समापन हुआ।


