राज्य अधिकारी कर्मचारी माइनॉरिटी एसोसिएशन (RAKMA) की धौलपुर इकाई ने अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों के कथित पक्षपातपूर्ण तबादलों पर चिंता व्यक्त की है। संगठन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को जिला कलेक्टर के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में RAKMA के जिला अध्यक्ष राशिक वैग ने बताया कि हाल ही में जारी स्थानांतरण सूचियों और प्रदेशभर से मिली सूचनाओं से यह सामने आया है कि अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारियों-कर्मचारियों को बिना किसी ठोस प्रशासनिक कारण के दूरस्थ स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि इन तबादलों में कई विधवा, परित्यक्ता, पति-पत्नी प्रकरणों में कार्यरत, राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त तथा दिव्यांग अल्पसंख्यक कर्मचारी भी शामिल हैं।
राकमा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जारी स्थानांतरण सूचियों में शामिल कर्मचारियों की परिवेदनाओं पर पुनर्विचार किया जाए। राकमा ने ऐसे अनुचित स्थानांतरणों को निरस्त या संशोधित करने की अपील की है। RAKMA ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए न्यायोचित निर्णय लेगी। संगठन ने सकारात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।


