अवैध अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई

गढ़वा | रंका बाजार समिति परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शुक्रवार को प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। अनुमंडल पदाधिकारी, रंका ने बाजार हाट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया था। इसी आदेश के आलोक में दंडाधिकारी अरुण कुमार के नेतृत्व में बाजार समिति परिसर स्थित सब्जी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी, बाजार समिति के पणण सचिव राजीव रंजन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद थे। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सब्जी विक्रेताओं की गुमटी, झोपड़ियां, मुर्गी विक्रेताओं की अस्थायी दुकानें तथा घड़ा पट्टी क्षेत्र में घड़ा बेचने वाले दुकानदारों की झोपड़ियों को बुलडोजर की सहायता से हटाया गया। प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार कुल लगभग 76 लोगों को अतिक्रमणकारी के रूप में चिन्हित किया गया है, जिन्होंने बाजार समिति की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। प्रशासन का कहना है कि अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित व्यापारियों एवं दुकानदारों को पूर्व में कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी। निर्धारित समयावधि समाप्त हो जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण विवश होकर यह कार्रवाई की गई। रंका अंचल के अमीन जलालुद्दीन ने बताया कि बाजार समिति के पास कुल 4 एकड़ 72 डिसमिल भूमि है, जिस पर लंबे समय से अतिक्रमणकारियों का कब्जा था। वहीं इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों एवं प्रभावित व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने बड़े-बड़े भवनों और आलीशान मकानों पर कार्रवाई करने के बजाय केवल गरीब सब्जी विक्रेताओं, मुर्गी विक्रेताओं और घड़ा बेचकर जीवन-यापन करने वाले निर्धन लोगों को ही निशाना बनाया है। इससे गरीब परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। सब्जी व्यापारी संघ के ओमप्रकाश गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, राजेन्द्र राम, उपेंद्र कुमार एवं वीरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर साप्ताहिक बाजार में बैठने वाले छोटे दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है, जबकि स्थायी बड़े भवनों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *