चतरा पुलिस ने अवैध अफीम के कारोबारियों पर कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 15 लाख रुपए मूल्य की अफीम जब्त की है। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि उन्हें अवैध अफीम की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम को पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में सक्रिय अवैध अफीम नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का जिम्मा सौंपा गया। टीम ने पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघानी टोला के ललकीमाटी रोड पर जाल बिछाया। पुलिस ने अफीम की खरीद-बिक्री करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथों पकड़ा। गिरफ्तारी के समय उनके पास से 3 किलो 260 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों की पहचान पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के मेराल गांव निवासी सोनू कुमार यादव उर्फ प्रमोद यादव (24) और तेतरिया गांव निवासी पीयूष कुमार (18) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके स्रोत तक पहुंचा जा सके। एक डिजिटल वजन मशीन बरामद पुलिस ने दोनों तस्करों के पास से अफीम के अलावा अन्य सामान भी जब्त किया है। इनमें तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक बाइक, एक डिजिटल वजन मशीन, एक स्टील का डिब्बा, एक काला बैग, 5 एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड और एक आरसी कार्ड शामिल हैं। यह सामग्री दर्शाती है कि तस्कर सुनियोजित तरीके से इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे। एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि चतरा पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसे तस्करों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। यह गिरफ्तारी चतरा पुलिस की सक्रियता और मादक पदार्थ तस्करी को रोकने की प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है, जिससे इस धंधे से जुड़े तस्करों के हौसले पस्त होंगे।


