रांची | गर्मी बढ़ने के साथ शहर में वाटर बॉटलिंग प्लांट की बाढ़ आ गई है। गली- मुहल्लों में भी बिना लाइसेंस के नए-नए प्लांट खुल रहे हैं। इसे देखते हुए निगम ने भी अवैध बॉटलिंग प्लांट के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को विभिन्न वार्डों में अवैध रूप से चल रहे सात वाटर बॉटलिंग प्लांट संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। तौसीफ, वसीम असलम, कंजीत फातमा, अमित कुमार, समीर सिन्हा, निर्मल कुमार और कमल कुमार के बॉटलिंग प्लांट को नोटिस दिया गया। उन्हें सात दिनों के अंदर प्लांट से संबंधित कागजात निगम कार्यालय में जमा कराने के लिए कहा गया है। निर्धारित समय तक कागजात नहीं जमा कराने पर संबंधित प्लांट को सील कर दिया जाएगा। इधर, वार्ड 42 के बिरसा चौक क्षेत्र में घर में लगे वाटर कनेक्शन की जांच की गई। वाटर कनेक्शन के कागजात नहीं दिखाने पर रानी कुमारी, सुशील देवी, अशोक कुमार, राजेश्वरी, गणेश कुमार सिंह, सूरज यादव, पूनम देवी को नोटिस दिया गया।


