अवैध रेत खनन में लगी तीन जेसीबी और एक हाइवा जब्त

भास्कर न्यूज | जांजगीर खनिज विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ते द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन व भंडारण पर कार्रवाई की गई। यह छापेमारी ग्राम भादा, नवापारा, केवा तथा बम्हनीडीह क्षेत्रों में की गई, जहां खनिज नियमों का उल्लंघन करते हुए रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम नवापारा स्थित हसदेव नदी के किनारे 3 जेसीबी मशीनों को अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए पकड़ा गया। इन मशीनों को तत्काल जब्त कर जिला कलेक्टोरेट परिसर, जांजगीर में रखा गया है। इसके अतिरिक्त, एक हाईवा वाहन को अनुमत सीमा से अधिक रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया है, जिसे भी जब्त कर लिया गया है। जब्तशुदा वाहनों और उनके मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर महोबे के निर्देशानुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए समय-समय पर जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा औचक जांच की जा रही है। यह कार्यवाही न केवल अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जरूरी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अहम कदम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *