अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ने महिला को टक्कर मारी:गंभीर घायल, खनिज विभाग ने ट्रैक्टर जब्त किया

दतिया के भाण्डेर थाना क्षेत्र के बिछौदना चौकी अंतर्गत सुकोरती गांव में सोमवार को अवैध रेत ले जा रहे एक ट्रैक्टर ने एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला सुकोरती देवी दोहरे पत्नी दुर्गा प्रसाद दोहरे गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तुरंत ट्रैक्टर रोककर चालक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर तेज रफ्तार में गांव से गुजर रहा था, तभी उसने सड़क किनारे खड़ी महिला को टक्कर मार दी। ग्रामीणों ने मामले की सूचना खनिज विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दतिया खनिज विभाग की टीम, भाण्डेर थाना पुलिस और बिछौदना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर को जब्त कर चौकी में खड़ा कराया गया और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार यह ट्रैक्टर पुष्पेन्द्र रजक का बताया जा रहा है, जो सलोना–खिरिया क्षेत्र से बिना रॉयल्टी रेत लेकर जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन लगातार जारी है और कुछ समय पहले भी अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो चुकी है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से रेत माफिया बेखौफ काम कर रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि क्या इस बार रेत माफिया पर सख्त कदम उठाए जाएंगे या मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *