सूरजपुर जिले में लकड़ी तस्करी के खिलाफ शिवसेना (उद्धव गुट) ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिला प्रमुख विष्णु वैष्णव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसकी प्रति वन मंडलाधिकारी, एसडीएम और जिला परिवहन अधिकारी को भी दी गई। जिला प्रमुख वैष्णव ने कहा कि बाहरी राज्यों के तस्कर यूकेलिप्टस की आड़ में कीमती पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे हैं। बिना स्थानीय प्रशासन की अनुमति के काटे गए पेड़ों को गोदामों में जमा कर अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है। इससे सरगुजा संभाग के पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। वाहनों की भी जांच की मांग शिवसेना ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की जांच की भी मांग की है। उनका कहना है कि इन वाहनों की हालत खराब है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। शिवसेना पार्टी ने मांग की है कि वाहनों के बीमा, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाणपत्र की जांच की जाए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि वाहन व्यावसायिक हैं या कृषि उपयोग के लिए पंजीकृत हैं। सड़कों पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी शिवसेना ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो पर्यावरण संरक्षण के लिए वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे और वन तस्करों के खिलाफ सीधे संघर्ष करेंगे।


