कोलार में शुक्रवार को अवैध शराब बिक्री की हफ्ता वसूली को लेकर दो गुटों के बीच गैंगवार का मामला सामने आया है। बांसखेड़ी स्थित 40 झुग्गी सरकारी आवास मल्टी के ओम नगर में शाम करीब साढ़े सात बजे दोनों पक्षों के 50-60 से ज्यादा लोग आमने-सामने आ गए। आधे घंटे से अधिक समय तक तलवार, छुरी और डंडे चले, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूत्रों के मुताबिक ओम नगर की एक दुकान से अवैध शराब का खुलेआम कारोबार होता है। इसी को लेकर ओम नगर निवासी अमन यादव और टीटू यादव शराब बेचने वाले लक्ष्मण बैरागी के पास पहुंचे और रोजाना के हिसाब से हफ्ता मांगा। विवाद बढ़ा तो अमन ने हिस्ट्रीशीटर भाई जीतू यादव को सूचना दी। इसके बाद जीतू यादव राजेश राही उर्फ रज्जू समेत 25-30 साथियों के साथ फार्च्यूनर से मौके पर पहुंचा। जीतू और उसके साथियों ने लक्ष्मण बैरागी, ऋषभ बैरागी और दीपक नाथ सहित उनके पक्ष के लोगों पर तलवार और डंडों से हमला कर दिया। जवाबी हमले में लक्ष्मण बैरागी, ऋषभ बैरागी, दीपक नाथ और अन्य लोगों ने जीतू यादव, अमन, टीटू यादव और राजेश राही उर्फ रज्जू पर लाठी-डंडे और तलवार से वार किए। जीतू यादव की फार्च्यूनर गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की गई। खुद को घिरा देख जीतू यादव ने जान बचाने के लिए चार हवाई फायर किए। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है। राजेश राही के साथ लक्ष्मण और उसके भाइयों ने मारपीट की है। गोली चलने की बात सामने नहीं आई है। अब तक की जांच में पता चला है कि जीतू घटना के वक्त वहां पर नहीं था। – संजय सोनी, टीआई कोलार


