चूरू जिले के बीदासर थाना में सोमवार शाम को सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) और शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाधिकारी दिलीप सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने, अवैध शराब की बिक्री रोकने और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान थानाधिकारी दिलीप सिंह ने क्षेत्र के लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने चाहिए। उपस्थित सदस्यों ने कस्बे में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों के आसपास अवैध रूप से बिक रही शराब व मादक पदार्थों पर अंकुश लगाने की मांग की। इस पर थानाधिकारी ने अवैध शराब की दुकानों और मादक पदार्थों की बिक्री के स्थलों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनचलों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। बैठक में अफजल हुसैन सलामपुरीया, जेठाराम यादव, रवि मोदी, आरिफ छीपा, कमल शर्मा और पुष्पेन्द्र शेखावत सहित कई सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।


