अवैध हथियार खरीदने पंजाब से आया आरोपी गिरफ्तार:बुरहानपुर में 3 पिस्टल और मैगजीन जब्त; पुलिस पर हमला करने वाले 2 आरोपी भी पकड़े

बुरहानपुर जिले की खकनार पुलिस को दोहरी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पंजाब से अवैध हथियार खरीदने आए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 3 देसी पिस्टल बरामद हुई हैं। वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने उन दो आरोपियों को भी दबोच लिया है, जिन्होंने कुछ महीने पहले इनामी बदमाशों को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर झिरमिटी फाटे के पास घेराबंदी की गई थी। यहां से पंजाब के अमृतसर निवासी संदीप (पुत्र काबल सिंह) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3 देसी पिस्टल और एक मैगजीन मिली। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। इनामी बदमाशों को छुड़ाने के लिए पुलिस को पीटा था हथियार तस्कर के अलावा पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले दो पुराने आरोपियों शमशेर और विरेंद्र (निवासी पाचौरी) को भी गिरफ्तार किया है। यह मामला कुछ महीने पुराना है, जब भोपाल एसटीएफ के वांटेड और 30-30 हजार के इनामी बदमाश शेरसिंह और सरताज को पकड़ने पुलिस डोईफोड़िया स्थित कलाल धर्मशाला पहुंची थी। हाथापाई कर भाग निकले थे आरोपी उस वक्त पुलिस ने घेराबंदी कर शेरसिंह और सरताज को तो पकड़ लिया था, लेकिन उनके साथी शमशेर, विरेंद्र और गुरुचरण ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था। इन लोगों ने पुलिस के साथ झूमाझटकी की और आरोपियों को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने की कोशिश की, जिससे पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई थीं। घटना के बाद मुख्य आरोपी तो पकड़ लिए गए थे, लेकिन हमला करने वाले ये साथी फरार हो गए थे। अब पुलिस ने इनमें से शमशेर और विरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *