ग्वालियर में ताज एक्सप्रेस से टकराए सांड, इंजन फेल:सैंड पाइप सहित कई उपकरण खराब, 45 मिनट बाद दूसरा इंजन लगाकर किया रवाना

ग्वालियर-बिरला नगर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम ग्वालियर से दिल्ली जा रही ताज एक्सप्रेस डाउन ट्रैक पर तीन आवारा सांडों से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों सांड की मौत हो गई। घटना के बाद करीब 45 मिनट तक ट्रेन वहीं खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार बिरला नगर स्टेशन से गुजरते समय डाउन ट्रैक पर आपस में लड़ रहे तीन सांड अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में इंजन का सैंड पाइप सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण खराब हो गए, जिसके चलते ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। अचानक ट्रेन रुकने से ठंड के मौसम में यात्रियों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी असुविधा हुई। रायपुरा स्टेशन पर बदला गया इंजन यात्रियों का कहना है कि ट्रेन रुकने के बाद उन्हें स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे असमंजस बना रहा। काफी देर बाद रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचा और अस्थायी मरम्मत कर ट्रेन को धीमी गति से रायपुरा स्टेशन तक ले जाया गया। वहां इंजन बदलने और तकनीकी जांच के बाद शाम 6:55 बजे ताज एक्सप्रेस को दोबारा रवाना किया गया। इस कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 45 मिनट देरी से चली। स्थानीय लोग बोले-तारफेंसिंग ने होने से हो रहे हादसे इस घटना ने एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास आवारा पशुओं की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक किनारे तार फेंसिंग और अन्य सुरक्षा इंतजामों की कमी के चलते ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *