अवैध हथियार से फायरिंग करने छठा आरोपी गिरफ्तार:5 को पहले ही भेजा जेल, आर्म्स और एससी/एसटी एक्ट में पुलिस को थी तलाश

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध हथियारों और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम बिल्लू में एक युवक के साथ मारपीट व अवैध हथियार से फायरिंग कर घायल करने के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कुलदीप उर्फ केडी उर्फ बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में इससे पहले पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। यह घटना 12 दिसंबर 2025 की रात को हुई थी। पीड़ित विपिन मेघवाल निवासी ग्राम बिल्लू ने 13 दिसंबर 2025 को अजमेर जेल एनएच में दिए पर्चा बयान में बताया कि पांच बदमाश एक सफेद कार में आए और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने अवैध फायर आर्म्स से उस पर फायर कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में पुलिस थाना बडू में आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी कुलदीप उर्फ केडी उर्फ बाबा इस घटना में सक्रिय रूप से शामिल था। पुलिस को पता चला कि आरोपी उस समय कोटपूतली कारागृह में आर्म्स एक्ट के एक अन्य मामले में न्यायिक अभिरक्षा में था। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर कुलदीप उर्फ केडी उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी कुलदीप उर्फ केडी उर्फ बाबा पुत्र बलवीर सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी बसई, थाना मेहाडा, जिला झुंझुनूं का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कुलदीप उर्फ केडी एक शातिर बदमाश है, जिसके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इस प्रकरण में पूर्व में अनिल वर्मा, जितेन्द्र सिंह उर्फ जितू बन्ना, लक्की उर्फ लक्सा और हरिओम उर्फ भिंडी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर नेमीचंद खारिया और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में पुलिस थाना बडू के थानाधिकारी अजय सिंह (पु.नि.) के नेतृत्व में की गई। इस अभियान में पुलिस थाना बडू, डीएसटी, साइबर सेल और वृत्त कार्यालय मकराना की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *