अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा युवा महोत्सव:कलाकारों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल, बोले- स्टेज छोटा और खाना पीने; चेंजिंग की रही समस्या

हनुमानगढ़ में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार राजस्थान की संस्कृति व कला को सुरक्षित करने के मकसद से बीकानेर संभाग के एक दिवसीय संभाग स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन सोमवार को जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में किया गया। महोत्सव में संभाग के तीनों जिलों श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ के जिला स्तर के विजेता 100 प्रतिभागी युवाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान बाहर से आए युवा प्रतिभागियों ने अव्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जाहिर की। संभाग स्तर पर विजेता रहे युवा प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र, कला रत्न पुरस्कार व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। युवा महोत्सव में पांच घटकों की 13 प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इसमें विज्ञान मेला, सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोक गायन, व्यक्तिगत लोक नृत्य, व्यक्तिगत लोक गायन, कविता लेखन, कहानी लेखन, पेंटिंग, हैंडीक्राफ्ट, टैक्स्टाइल, कृषि उत्पादन एवं राजस्थान की दुर्लभ कला यथा फड़, रावण हत्था, रम्मत, अलगोजा, मांडणा, कठपुतली, भित्ति चित्र, खड़ताल, मोरचंग, भपंग वाद्य यंत्र वादन में प्रतियोगिताएं हुईं। संभाग स्तर के विजेता 8 से 10 जनवरी के मध्य आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर से विजेता राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के विजेता जापान में होने वाले अंतरराष्ट्रीय युवा महोत्सव में कला का प्रदर्शन करेंगे। संभाग स्तरीय युवा महोत्सव में हनुमानगढ़ के प्रतिभागियों की ओर से मुख्य रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने व यातायात नियमों का पालन करने का संदेश देती प्रस्तुति दी गई। उद्घाटन में ये रहे उपस्थित
संभाग स्तरीय युवा महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ, विधायक प्रतिनिधि संतोष बंसल, जिला कलक्टर कानाराम, न्यायाधीश अमित कड़वासरा, एडीएम उम्मेदी लाल मीना, भाजपा नेता प्रियंका बैलान, सीडीईओ पन्नालाल कड़ेला, डीईओ हंसराज जाजेवाल, सीबीईओ सीमा भल्ला, भगवान दास गुप्ता, प्राइवेट स्कूल कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, बैंच मजिस्ट्रेट अनुपमा विजय, महोत्सव के जिला कॉर्डिनेटर राहुल व्यास, बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के वाइस चेयरमैन रौनक विजय,प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक,पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पूर्व पार्षद अर्चित अग्रवाल,गुरदीप सिंह बराड़,मनोज शर्मा,गौरव जैन,इंद्राज भाटी,मनोज बड़सीवाल,कपिल सैन आदि मौजूद रहे। मूल संस्कृति और विरासत ही हमारा गौरव और पहचान
तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के अन्दर छुपी प्रतिभा को सामने लाया जा रहा है। इस तरह के आयोजनों से युवाओं को कुछ नया सीखने का भी मौका मिलता है ताकि वह अपनी संस्कृति-विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ें। मूल रूप से संस्कृति व विरासत ही हमारा गौरव व पहचान है। युवा शिक्षा के साथ इन सब विषयों को साथ लेकर आगे बढ़ें। इससे उनकी प्रतिभा में निखार होगा। ड्रेसिंग और खाने पीने की व्यवस्था न होने से हुई परेशानी
युवा प्रतिभागी भावना ने बताया कि हम श्रीगंगानगर से अपना लोक नृत्य लेकर आए हैं। हम सुबह घर से जल्दी निकले थे तो हमे चाय नाश्ते का टाइम नहीं मिला। यहां कार्यक्रम में आने के बाद बैठने की व्यवस्था यहां पर बहुत ही खराब रही है। हमे ना तो ढंग से चाय नाश्ता मिला और ना ही कपड़े चेंज करने की व्यस्था ढंग से रही है। वो चीज हमे बहुत ही खराब लगी। हम कई अन्य जगह जाते हैं तो वहां पर बहुत अच्छी व्यवस्था रहती हैं। स्टेज को लेकर भी युवा प्रतिभागी ने बताया कि वो हमारे नृत्य के लिए बहुत कम थे। हमे स्टेज की वजह से कई स्टंट छोड़ने पड़े। क्योंकि हमारे स्टेप बैलेंस करने वाले थे लेकिन स्टेज ऐसा था कि स्टंट हो ही नहीं पाए। हमे खतरा लग रहा था की ये स्टेज के फट्टे से टूट ही जाएंगे। भावना ने कहा की बच्चो के लिए सरकार को व्यवस्था सही से करनी चाहिए। एडीएम बोले सुधार की गुंजाइश हुई तो करेंगे
एडीएम उम्मेदी लाल मीना ने अव्यस्था को लेकर कहा की बेबी हैप्पी कॉलेज में संभाग स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया गया था। यहां पर व्यवस्था ठीक थी फिर भी कोई सुधार की गुंजाइश है तो हम जरूर करेंगे। सरकारी कार्यक्रम में मीडिया कर्मी को नहीं मिला स्थान
आज संभाग स्तरीय युवा महोत्सव कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं होने के चलते पत्रकारों को कार्यक्रम में उचित स्थान नहीं मिल पाया। जिसके चलते कई पत्रकार तो जैसे तैसे दिनभर चलने वाले कार्यक्रम में बैठ गए लेकिन कई पत्रकारों को स्थान नहीं मिलने के चलते नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यक्रम को छोड़कर वापिस आ गए। वहीं, मीडियाकर्मियों को लेकर स्थान जरूर बनाया गया था लेकिन व्यवस्था सही ढंग से संचालित नहीं करने के चलते अव्यवस्था हावी रही और पत्रकारों के स्थान पर अन्य व्यक्ति बैठ गए। जिसके चलते अव्यवस्था नजर आई। नोडल बोले व्यवस्था ठीक थी शिकायत हम तक नहीं पहुंची
कार्यक्रम के नोडल जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल ने बताया की युवा महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमे संभाग स्तर के युवाओं ने भाग लिया था। बीकानेर से आए युवा प्रतिभागियों के लिए अंबेडकर भवन में रुकने की व्यवस्था थी। स्टेज,बैठने की व्यवस्था और खाने पीने को लेकर मुझ तक कोई बात नहीं पहुंची अगर ऐसा है तो दिखवा लेते है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *