अशोकनगर जिला अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ का हंगामा:आरोप- छुट्टी के बदले पैसे मांगे, एप्रेन उतारकर हाथ दिखाने को कहा; कलेक्ट्रेट में शिकायत

अशोकनगर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र शेखावत और सीएमएचओ डॉ. अलका त्रिवेदी पर नर्सिंग स्टाफ ने गंभीर आरोप लगाए हैं। नर्सिंग अधिकारियों ने छुट्टी के बदले पैसे मांगने और एक मामले में एप्रेन उतरवाने का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में शिकायत दर्ज कराई। नर्सिंग ऑफिसर लक्ष्मी जायसवाल ने बताया कि वह चिकनपॉक्स के कारण छुट्टी लेने गई थीं। सिविल सर्जन डॉ. शेखावत ने उनसे एप्रेन उतारकर हाथ दिखाने को कहा, जिसका उन्होंने विरोध किया। इस घटना के बाद कई नर्सिंग अधिकारी एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और अपर कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपा। नर्सिंग अधिकारियों के शिकायत करने की सूचना मिलने पर सिविल सर्जन डॉ. शेखावत और सीएमएचओ डॉ. अलका त्रिवेदी भी कलेक्ट्रेट पहुंच गए। वहां नर्सिंग अधिकारियों ने दोनों पर सार्वजनिक रूप से छुट्टी के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया। आरोप- छुट्‌टी लेने गई तो रुपए की मांग की
नर्सिंग ऑफिसर दिव्या तिवारी ने सीएमएचओ डॉ. अलका त्रिवेदी पर आरोप लगाया कि छोटे बच्चे की देखभाल के लिए छुट्टी मांगने पर उन्हें छुट्टी नहीं मिली और पैसे देने को कहा गया। दिव्या के अनुसार, वह दो महीने की छुट्टी के लिए 5 हजार रुपए लेकर सीएमएचओ के पास गई थीं, लेकिन बाद में पैसे वापस कर दिए गए और स्टाफ की कमी का हवाला देकर छुट्टी देने से इनकार कर दिया गया। सीएमएचओ डॉ. अलका त्रिवेदी ने इन आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि दिव्या अपने पति के साथ छुट्टी का आवेदन लेकर उनके घर आई थीं और पैसे रखकर चली गई थीं, लेकिन उन्होंने तुरंत पैसे वापस कर दिए थे। एक अन्य नर्सिंग ऑफिसर शिवानी ने सिविल सर्जन पर इमरजेंसी लीव के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया। शिवानी ने बताया कि पैसे न देने पर उन्हें उतनी छुट्टी नहीं दी गई जितनी उन्होंने मांगी थी। सिविल सर्जन बोले- नेताओं के पीए से फोन करवाती हैंं नर्स
सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र शेखावत ने एप्रेन उतरवाने के आरोप पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ ने स्वेटर पहन रखा था, जिससे आस्तीन ऊपर नहीं जा रही थी। इसलिए उन्होंने एप्रेन उतारने को कहा था। डॉ. शेखावत ने कहा कि शायद उन्हें लगा कि कुछ गलत हुआ है और उन्हें बुरा लगा। इस दौरान वहां अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद थे। नर्सिंग स्टाफ में उन्हें परेशान करने की भी आरोप लगाए उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन द्वारा उन्हें धमकी दी जाती है कि उनका रिकॉर्ड खराब कर दिया जाएगा। वहीं सिविल सर्जन डॉक्टर भूपेंद्र शेखावत ने भी नर्सिंग स्टाफ पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सोर्स लगवाती हैं कभी किसी नेता के पीए से छुट्टी के लिए फोन करवाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *