अशोकनगर में नए साल में पहली बार मौसम में बदलाव हुआ है। शनिवार की शाम के समय हल्के-हल्के बादल छाए हुए थे लेकिन रविवार को सुबह के समय से घने बादल छा गए। मौसम में बदलाव होते ही ठंड का असर भी तेज हुआ है। इसी के साथ सर्द हवा चल रही है। दो दिनों की राहत के बाद फिर से ठंड का असर बढ़ा है। हालांकि इस दौरान टेंपरेचर में अधिक उतार-चढ़ाव नहीं हुआ है। शनिवार-रविवार की रात को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि रविवार को अधिकतम टेंपरेचर 26.6 डिग्री सेल्सियस पर रहेगा। बीते तीन-चार दिनों से टेंपरेचर में धीरे-धीरे उछाल हुआ था एक दिन पहले भी इसी तरह से टेंपरेचर दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी तीन-चार दिनों तक मौसम इसी तरह से रहेगा। बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस बार अधिक बारिश होने का अनुमान नहीं है। इस दौरान उत्तर पूर्व की ओर से हवा चलेगी।


