अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देशानुसार जिले में उर्वरक वितरण के लिए ई-टोकन प्रणाली लागू की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध कराना है। अब लम्बी लम्बी कतारों में लगने की जरूरत नहीं होगी। इस प्रणाली के तहत, किसान अपनी आधार लिंक फार्मर आईडी का उपयोग करके ऑनलाइन टोकन बुक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें https://etoken.mpkrishi.org/ पोर्टल पर जाना होगा। पोर्टल पर डबललॉक केंद्र, एम.पी. एग्रो, समितियां (पैक्स) और निजी विक्रेता जोड़े गए हैं, जिससे किसान अपनी सुविधा अनुसार विक्रेता का चयन कर टोकन बुक कर सकते हैं। ई-टोकन बुक करने के बाद, किसान निर्धारित समय के भीतर वितरण केंद्र से खाद प्राप्त कर सकते हैं। यह प्रणाली किसानों को खाद प्राप्त करने का एक सरल और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करती है। पंजीकरण प्रक्रिया के लिए, किसानों को अपना आधार नंबर एग्री स्टैक पोर्टल पर पंजीकृत करना होगा। फार्मर आईडी पर रकबा (भूमि क्षेत्र) और फसल की जानकारी अपडेट होना अनिवार्य है। पंजीकरण की प्रक्रिया मोबाइल पर ओटीपी के माध्यम से पूरी की जाएगी। पंजीकरण के उपरांत, पोर्टल किसान की चयनित फसल और उपलब्ध रकबे के अनुसार आवश्यक उर्वरकों के प्रकार और वितरण केंद्र के चयन के बाद स्वचालित रूप से ई-टोकन जारी करेगा। जारी किए गए टोकन के साथ किसान को 03 दिनों (72 घंटे) के भीतर चयनित वितरण केंद्र से खाद लेनी होगी। यदि किसान निर्धारित समय सीमा के अंदर खाद नहीं लेता है, तो टोकन स्वतः निरस्त हो जाएगा। जिन किसानों के पास फार्मर आईडी नहीं है, उन्हें इसे जल्द से जल्द बनवा लेना चाहिए। यह ई-टोकन प्रणाली गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलों के उपार्जन हेतु स्लॉट बुकिंग के समान ही कार्य करती है, जिससे किसानों को खाद प्राप्त करने में काफी सुविधा मिलेगी।


