अशोकनगर में यादव कॉलोनी में अतिक्रमण हटाया:बुलडोजर से तोड़ी फरसियां, कोर्ट के आदेश पर नगर पालिका ने की कार्रवाई

अशोकनगर नगर पालिका ने यादव कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 2 में न्यायालय के आदेश पर एक लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण को हटा दिया है। बायपास रोड स्थित इस गली में अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। कॉलोनीवासियों ने शिकायत की थी कि गली में फारसी गाड़कर रास्ता बंद कर दिया गया था। इस शिकायत की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका ने शुक्रवार को कार्रवाई का निर्णय लिया। यह कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद उन्नीतन के निर्देशन में की गई। इस दौरान राजस्व निरीक्षक सहित नगर पालिका की राजस्व टीम और अतिक्रमण दल मौके पर मौजूद था। बुलडोजर की सहायता से अतिक्रमण को हटाया गया। उल्लेखनीय है कि यह कार्रवाई न्यायालय द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के पालन में की गई है, जिसके तहत सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करना आवश्यक था। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद गली को पूरी तरह से साफ कर आम नागरिकों के लिए आवागमन सुगम बनाया गया। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए संतोष व्यक्त किया। नगर पालिका ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों, गलियों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। चेतावनी दी गई है कि अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका ने भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *