बालाघाट जिले के खैरलांजी क्षेत्र के भौरगढ़ में लिल्हारे मेडिकल स्टोर्स का संचालन बिना फार्मासिस्ट के किया जा रहा था। इस गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर ड्रग विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया है। 19 दिसंबर को ड्रग इंस्पेक्टर और खैरलांजी तहसीलदार दुलारे लाल परते ने ग्राम भौरगढ़ स्थित लिल्हारे मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह गंभीर गड़बड़ी सामने आई कि मेडिकल स्टोर्स का संचालन बिना रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट के हो रहा था। यह औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। नियमों का पालन न किए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर्स को सीलबंद कर दिया। ड्रग इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि बिना फार्मासिस्ट के दवाओं का विक्रय लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित नियमों का पूर्णतः पालन करें, अन्यथा भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में आगे भी निरीक्षण अभियान और कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


