अशोकनगर में सोमवार को सुबह से ही जिलेभर में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर रह गई। सड़कों पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलना पड़ा। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम नजर आई। जिले में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट आई और यह 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिसंबर के पहले पखवाड़े में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया जा रहा था। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में बढ़ा ठंड का असर महीने के पहले पखवाड़े में दिन के समय धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिल रही थी, लेकिन अब दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में घना कोहरा पूरे जिले में छा गया है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ गया है। आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है ठंड मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार कोहरे और सर्द हवाओं के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग की सलाह- सावधानी से करें सफर मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है। साथ ही कोहरे की स्थिति में वाहन चलाते समय हेडलाइट जलाकर धीमी गति से यात्रा करने की अपील की गई है। बता दें कि मौसम में यह बदलाव रविवार से ही नजर आने लगा था। रविवार सुबह कुछ देर के लिए धूप निकली थी, लेकिन इसके बाद हल्के बादल छा गए। शाम होते-होते सूर्य पूरी तरह बादलों में छिप गया था, जिसके बाद ठंड और कोहरे का असर बढ़ गया।


