अशोकनगर में सिंधिया ने आमजन की समस्याएं सुनीं:ट्रांसपोर्ट नगर विस्थापन और 550 करोड़ की सिंचाई परियोजना पर अफसरों को निर्देश

केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को अशोकनगर जनसंपर्क कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं और कलेक्ट्रेट में दिशा की बैठक में जिले के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सिंधिया सबसे पहले जनसंपर्क कार्यालय पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में आवेदक अपनी समस्याएं लेकर मौजूद थे। उन्होंने कार्यालय में बैठकर सभी लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और दिशा की बैठक आयोजित की। इस बैठक में उन्होंने जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। पिछली दिशा बैठक में दिए गए निर्देशों और कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए, उन्होंने सभी परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। नए ट्रांसपोर्ट नगर में विस्थापन के निर्देश
इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ट्रांसपोर्ट नगर के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना लंबे समय से लंबित है। कलेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि इसे समय सीमा में पूरा किया जाए और नए ट्रांसपोर्ट नगर में विस्थापन शुरू किया जाए। उन्होंने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बारे में भी बताया कि इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और प्रस्ताव खेल विभाग को भेजा जा रहा है। यह 45 करोड़ रुपए की परियोजना है, जिसमें से 7.5 करोड़ रुपए स्वीकृत हो चुके हैं। सिंधिया ने कहा कि उनकी कोशिश है कि एक बार में 15 करोड़ रुपए की राशि मिल जाए, और इसी तरह तीन बार में पूरी राशि लाने का प्रयास किया जा रहा है। माइक्रो इरिगेशन परियोजना का भी उल्लेख
चंदेरी के अंतर्गत चल रही माइक्रो इरिगेशन परियोजना का भी उल्लेख किया गया। यह 550 करोड़ रुपए की परियोजना है, जिसमें चंदेरी तहसील के 52 गांव, मुंगावली क्षेत्र के 70 गांव और पिपरई क्षेत्र के 10 गांव शामिल हैं। इस योजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और फसल कटाई के बाद जून महीने तक इसे पूरी तरह से जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने शहरी सौंदर्यीकरण योजना की भी जानकारी दी, जो लगभग 40 करोड़ रुपए की है। इसमें थीम रोड और तुलसी सरोवर जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *