अमृतसर | एक तरफ पंजाब का माझा इलाका भयंकर बाढ़ की मार झेल रहा है। बाढ़ से हजारों परिवार बेघर होकर भूख और बीमारी से जूझ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कुछ असामाजिक तत्व इस त्रासदी को कमाई का साधन बना बैठे हैं। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की धर्म प्रचार कमेटी पंजाब के चेयरमैन मनजीत सिंह भोमा ने अपनी आंखों से देखे और कैमरे में कैद किए एक दृश्य को साझा किया हैं। उन्होंने बताया कि अजनाला-रमदास रोड पर दिनदहाड़े दानवीरों द्वारा लाई गई राहत सामग्री लुटेरों के गिरोह खुलेआम लूट रहे हैं। दान देने वाले सज्जनों की गाड़ियां रोककर मदद की बोरियां छीन ली जाती हैं और फिर इन हालातों का ठीकरा बाढ़ पीड़ितों और मांझा की जनता पर फोड़ा जाता है। भोमा ने कहा कि असली बाढ़ पीड़ित भूखे-प्यासे, छत के बिना जिंदगी काट रहे हैं। लेकिन उनकी छवि को बदनाम करने के लिए यह सब सुनियोजित ढंग से किया जा रहा है। प्रशासन की बेरुखी ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। अभी तक किसी भी जिम्मेदार विभाग ने लुटेरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की।


