बुरहानपुर के नेपानगर क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना असीर-नेपानगर मार्ग पर कबीट नाले के पास हुई, जहां कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। दंपत्ति रहमानपुर से मांडवा एक गमी में शामिल होने जा रहा था। हादसे में 40 वर्षीय कमला बाई की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति दिनेश (35) को सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल दिनेश को जिला अस्पताल बुरहानपुर में भर्ती कराया गया है। कमला बाई का शनिवार सुबह पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में किया गया। गमी में शामिल होने मांडवा जा रहे थे
परिजनों ने बताया कि कमला बाई और दिनेश रहमानपुर के निवासी हैं और भतीजे की गमी में शामिल होने के लिए बाइक से मांडवा जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम चांदनी के आगे यह हादसा हुआ। मृतका कमला बाई के पांच बच्चे हैं। फिलहाल निंबोला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को भी हादसे में गई थी युवक की जान
इसी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक और हादसा हुआ। अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इसमें 50 वर्षीय अब्दुल वहीद निवासी हमीदपुरा टीपू सुलतान चौक की मौत हो गई, जबकि मोहम्मद हनीफ घायल हो गए। दोनों उर्स में शामिल होने के लिए खिराला गांव जा रहे थे। घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और पुलिस जांच में जुटी है।


