भास्कर न्यूज | गढ़वा नए वर्ष के मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में नई पहल की शुरुआत की गई। अस्पताल परिसर में शिकायत एवं सुझाव बॉक्स लगाया गया है। जिसके माध्यम से मरीज और उनके परिजन अब अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे अस्पताल प्रबंधन तक पहुंचा सकेंगे। यह पहल मरीजों को बेहतर उपचार, सुविधाओं में सुधार और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रंका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि अस्पताल की सेवाओं को लगातार बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कई बार मरीज या परिजन अपनी बात सीधे कहने में संकोच करते हैं या मौका नहीं मिल पाता है। ऐसे में शिकायत एवं सुझाव बॉक्स उनकी आवाज बनने का काम करेगा। सभी प्राप्त शिकायतों और सुझावों की नियमित समीक्षा कर उन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ताकि कमियों को दूर कर मरीजों को और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। डॉ असजद अंसारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में व्यवस्थाओं को मजबूत रखना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, व्यवहार, जांच सुविधा, प्रतीक्षा समय जैसी बातों पर मिलने वाले सुझाव अस्पताल प्रबंधन के लिए दिशा-निर्देश का काम करेंगे। मरीजों द्वारा दिए गए सकारात्मक सुझावों का स्वागत किया जाएगा। वहीं उचित शिकायतों पर त्वरित सुधार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


