कोरबा | मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को बांटे जाने वाले भोजन में बाल और लकड़ी का तिनका मिलने की शिकायत एक मरीज के परिजन ने की है। बालकोनगर के परसाभाठा वार्ड निवासी टीबी बीमारी से ग्रसित राम प्रसाद धीवर (42) का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के टीबी वार्ड में चल रहा है, जहां शनिवार दोपहर भोजन खाने के दौरान अचानक राम प्रसाद को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। पास मौजूद उसकी पत्नी रामकुमारी ने ऐसे में गले में कुछ फंसने की सोचकर खाने को बाहर निकलवाया, तब उसमें बाल और लकड़ी का तिनका मिला। वहीं राम प्रसाद को राहत मिली। मरीज के परिजन ने घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी। घटना से अन्य मरीज और उनके परिजनों ने चिंता जताई। वहीं भोजन की क्वालिटी पर सवाल भी उठाया।


