इसी दिन होगा जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान का समापन नए साल में 3 जनवरी से शुरू हुए कांग्रेस के जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान का समापन 26 जनवरी को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू (इंदौर) में होगा। चूंकि इसी 26 जनवरी को भारतीय संविधान के लागू होने की 75वीं वर्षगांठ है, इसलिए कांग्रेस यहां भारत में गणराज्य की स्थापना को समर्पित एक विशाल रैली कर अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी। इसी दिन महू की धरती से ही कांग्रेस एक नए राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन का आगाज करेगी। इसे संविधान बचाओ राष्ट्रीय पदयात्रा नाम दिया जाएगा। यह पद यात्राएं पूरे एक साल तक गांव-गांव शहर-शहर में निकाली जाएगी और इनका समापन अगले साल 2026 में 26 जनवरी के दिन ही होगा। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक इस यात्रा का आगाज राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, वायनाड़ से सांसद पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी कर सकती हैं। 26 जनवरी उनके साथ सभी राज्यों के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्य विधानसभाओं में कांग्रेस के नेता विपक्ष, कांग्रेस के सभी विधान मंडलों के सदस्य, सभी फ्रंटल आर्गनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस कार्यक्रम में भाग लेने महू आएंगे। संभागवार बांटी जिम्मेदारियां
कांग्रेस 26 जनवरी को प्रदेशभर से सवा लाख कार्यकर्ताओं और महू बुलाने जा रही है। इसके लिए संभागवार पार्टी ने प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। अजय सिंह राहुल को रीवा संभाग, अरुण यादव को जबलपुर, बाला बच्चन को नर्मदापुरम, सज्जन सिंह वर्मा को इंदौर, कमलेश्वर पटेल को शहडोल, ओमकार मरकाम को सागर, जयवर्धन सिंह को ग्वालियर, आरिफ मसूद को भोपाल, हेमंत कटारे को चंबल और महेश परमार को उज्जैन संभाग का प्रभारी बनाया है। आयोजन के लिए पटवारी ने 9 कमेटियां बनाईं
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से 26 जनवरी के संविधान बचाओ राष्ट्रीय यात्रा के आगाज के कार्यक्रम का सारा जिम्मा मप्र कांग्रेस कमेटी को सौंपा है। पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस आयोजन के लिए 9 अलग-अलग कमेटियां गठित कर दी हैं। यह कमेटियां ट्रांसपोर्टेशन, भोजन, समन्यव, प्रचार, ठहरने के इंतजाम जैसे तमाम काम देखेंगी। कमलनाथ का ट्वीट – नेतृत्व से कोई मतभेद नहीं, हम सब एक हाल ही में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में पार्टी छोड़कर जाने वाले और संगठनात्मक नियुक्तियों से पहले चर्चा नहीं करने को लेकर सामने आई विवाद की खबरों पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर सफाई दी। कमलनाथ ने लिखा कि- कांग्रेस की मजबूती के लिए और प्रदेश की व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए हम सब कांग्रेसजन एक हैं। विवाद का कोई प्रश्न नहीं है। पिछले दिनों हुई प्रदेश की राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक में मेरी नाराजगी के जो कयास लगाए जा रहे हैं, वे निराधार हैं। पटवारी ने जताया आभार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पोस्ट कर लिखा- मप्र भाजपा में मची लूट व सिर-फुटव्वल से ध्यान भटकाने के लिए यही लोग झूठी खबरें फैलाते हैं। मप्र सरकार का जनसंपर्क विभाग केवल डॉ. मोहन यादव के सत्ता के कारनामों को छुपाने की कोशिश कर रहा है। विभाग का पर्दाफाश करने के लिए कमलनाथ जी का बहुत आभार।


