पलामू में पुलिस ने इंटर स्टेट गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर 13 लाख रुपए के जेवर बरामद किए हैं। आरोपियों ने 20 जून को लेस्लीगंज में सोना महल दुकान के मालिक की बाइक की डिक्की से 30 लाख रुपए के सोना-चांदी के जेवर चुराए थे। पुलिस ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम निवासी आवला दुर्गा प्रसाद (27) और ओडिशा के गंजम जिले निवासी अवला बलराम (25) को चैनपुर थाना क्षेत्र के लादी गांव से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी छह महीने से यहां किराए के कमरे में रह रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों ने दुकानदार की गतिविधियों की रेकी की थी एसपी रीष्मा रमेशन के अनुसार, इस चोरी में कुल चार अपराधी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों ने दुकानदार की गतिविधियों की रेकी की थी। उनके दो साथियों ने चोरी को अंजाम दिया और अगली सुबह साढ़े तीन बजे कुछ जेवर लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों से 135 ग्राम सोना, 1150 ग्राम चांदी, एक मोटरसाइकिल और डिक्की खोलने का औजार बरामद किया है। अवला बलराम पहले भी बिहार और ओडिशा में गिरफ्तार हो चुका है। यह गैंग बाइक से लंबी दूरी का सफर करता है। इसमें सिर्फ रिश्तेदार ही शामिल होते हैं। गैंग पहले 20 दिन इलाके में रेकी करती है। फिर दुकानदार की गतिविधियों पर नजर रखती है। इस बार उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाने के लिए बाइक के हैंडल में ग्रीस लगा दी थी। जब दुकानदार हाथ साफ करने गए, तब डिक्की से जेवर चुरा लिए। गैंग ने तीन दिन पहले मनिका में भी इसी तरह की चोरी की थी।


