हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। इस्कॉन संस्था द्वारा लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की गई इस यात्रा में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। रथ यात्रा का विशेष आकर्षण विदेशी श्रद्धालु रहे। रूस, यूक्रेन, नाइजीरिया और युगांडा से आए भक्तों ने भगवान जगन्नाथ की भक्ति से सबका ध्यान खींचा। पुरी की परंपरा का पालन करते हुए रामगढ़ राज्य के राजपरिवार के सदस्य उदय भान सिंह ने झाड़ू लगाकर यात्रा की शुरुआत की। कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, बरही विधायक मनोज यादव और बरकट्ठा विधायक अमित यादव मौजूद रहे। रथ यात्रा कमेटी के सचिव संजय सिंह, विधायक मनोज यादव और उदय भान सिंह ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक पहचान बन चुका है। प्रशासन ने इस अवसर पर चौपारण में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। नेताओं ने भगवान जगन्नाथ से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।


